जतिंद्र औलख का जन्म पंजाब में जिला अमृतसर के पाकिस्तान की सरहद के पास बसे गाँव कोहाली में हुआ। औलख ‘मेघला’ नामक साहित्यिक पत्रिका का संपादन करते रहे हैं, जो पंजाबी में प्रतिनिधि पत्रिका के रूप में मान्य रही है।
प्राचीन इतिहास पर लिखी उनकी पुस्तक ‘Majha In Acient Ages’ विश्व भर में सराही गई। जतिंद्र औलख का दिसम्बर 2020 में प्रकाशित अंग्रेज़ी उपन्यास ‘Fall Can’t Cease The Springs’ भी काफी चर्चित रहा है। इस पुस्तक के पाठकों के विश्व भर से उन्हें दर्जनों ख़त प्राप्त हुए हैं।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से प्रकाशित समाचार पत्र ‘राइटर वीकली’ में जतिंद्र औलख कवियों और कविता के बारे में साप्ताहिक कॉलम लिखते हैं, जो विश्व के अलग-अलग देशों में पढ़ा और सराहा जाता है। औलख पंजाबी कविता में अपनी अलग पहचान रखते हैं। हाल ही में उन्होंने हिंदी में भी कविता लिखना शुरू किया है। उनकी कविताएँ मराठी, उड़िया, बंगाली, नेपाली, चाइनीज़, रशियन, मंगोलियन, फारसी सहित यूरोप की कई भाषाओं में अनूदित हुई हैं एवं विश्व की विभिन्न साहित्यिक पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रहती हैं। इन्होंने इब्न बतूता की ऐतिहासिक यात्रा-डायरी का पंजाबी अनुवाद ‘इब्न बतूता दी यात्रा’ शीर्षक से किया है।
